भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार सेवाओं को और स्मार्ट बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। इसी कड़ी में UIDAI दिसंबर 2025 तक एक नया e-Aadhaar ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जो अत्याधुनिक तकनीकों से लैस होगा।
WhatsApp पर मिलेगा आधार कार्ड
इस ऐप की सबसे खास बात यह होगी कि अब यूजर्स WhatsApp के जरिए आधार कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। सिर्फ UIDAI के ऑफिशियल WhatsApp नंबर पर “Hi” लिखकर भेजना होगा। चैटबॉट आधार डाउनलोड का विकल्प देगा और OTP वेरिफिकेशन के बाद डिजिटल आधार कार्ड PDF फॉर्मेट में सीधे WhatsApp पर मिल जाएगा।
हाई-टेक फीचर्स होंगे शामिल
नया ऐप पुराने ऐप से बिल्कुल अलग होगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फेस ID लॉग-इन और QR स्कैनर जैसी सुविधाएं होंगी। पासवर्ड टाइप करने की जगह अब केवल फेस ID से लॉग-इन संभव होगा। साथ ही नाम, पता और जन्मतिथि जैसी बेसिक जानकारी सीधे ऐप से अपडेट की जा सकेगी।
डिजिटल और सुरक्षित सेवाएं
UIDAI का यह ऐप आधार सत्यापन को बेहद आसान बना देगा। अब केवल एक QR स्कैन से आधार की वैधता जांची जा सकेगी, जिससे फर्जी ID का खतरा काफी हद तक कम होगा। इसके अलावा ई-आधार डाउनलोड, PVC कार्ड ऑर्डर और आधार बदलावों की पूरी हिस्ट्री देखना भी संभव होगा।
क्या बदलेगा और क्या नहीं?
UIDAI ने साफ किया है कि मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा WhatsApp या ऐप पर उपलब्ध नहीं होगी। इसके लिए नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाना अनिवार्य होगा, जहां बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और फॉर्म भरना होगा।
यूजर्स के लिए बड़ी सुविधा
यह पहल उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी जिन्हें अचानक आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। अब वेबसाइट पर लॉग-इन करने या फोटोकॉपी साथ रखने की झंझट नहीं होगी। सिर्फ एक मैसेज पर आपका आधार कार्ड आपकी उंगलियों पर होगा।

