भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय टीम ने एशिया कप के लीग मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से और सुपर-4 के मैच में 6 विकेट से हराया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 14 सितंबर के मैच को लेकर आईसीसी को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की दो शिकायतें की थीं जिसके बाद मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने भारतीय कप्तान से जवाब मांगा है।
वहीं, भारतीय टीम ने 21 सितंबर को हुए सुपर-4 के मैच में साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ की उकसावे वाली अभद्र हरकतों को लेकर मैच रेफरी एंडी पायक्राफ्ट से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भारतीय टीम ने रऊफ और फरहान के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। रविवार को हुए मैच में फरहान ने अर्धशतक लगाने के बाद बल्ले से ‘गन सेलिब्रेशन’ किया था तो हारिस रऊफ ने संजू सैमसन का विकेट लेने के बाद आक्रामकता दिखाई थी।
यही नहीं वह अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल से भिड़े भी थे। इसको लेकर बीसीसीआई ने कड़ी आपत्ति जताई है। बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने कहा कि मैदान पर इस तरह की हरकतें खेल भावना के विपरीत हैं। हमने इसको लेकर एंडी पायक्राफ्ट से शिकायत की है और हम कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं। पायक्राफ्ट को आधिकारिक शिकायत तो की ही गई है, साथ ही रऊफ और साहिबजादा के वीडियो भी मेल में अटैच करके भेजे गए हैं।
बीसीसीआई का मानना है कि उन्होंने जानबूझकर ऐसा किया और उन्होंने पहले ही कहा है कि उसे इस बात का पछतावा नहीं है। भारतीय टीम की तरफ से पूरा डोजियर बनाकर पायक्राफ्ट को भेजा गया है।एशिया कप जब से शुरू हुआ है भारत और पाकिस्तान के बीच मैदान पर तनाव चरम पर है। 14 सितंबर के मुकाबले में भारतीय टीम द्वारा हाथ न मिलाए जाने के बाद से पाकिस्तानी टीम और उनका बोर्ड तिलमिलाया हुआ है। मैदान और मैदान के बाहर इसका असर दिख रहा है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

