झरिया(JHARUA):मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा नवरात्रि 2025 के पावन अवसर पर “कन्या भ्रूण संरक्षण एवं नारी चेतना अभियान” को समर्पित डिजिटल आर्ट तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता का विषय “शक्ति का स्वरूप” निर्धारित किया गया है।
शाखा के कोषाध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की कला के माध्यम से यह संदेश देना है कि नारी केवल शक्ति का प्रतीक भर नहीं, बल्कि समाज की प्रगति की आधारशिला है। जब युवा अपने चित्रों और पोस्टरों से नारी शक्ति को व्यक्त करेंगे, तो यह समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
प्रतियोगिता में डिजिटल और हैंडमेड दोनों प्रकार की प्रविष्टियाँ स्वीकार की जाएंगी तथा प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रविष्टि भेज सकेगा। सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा, वहीं चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक श्रीमती नेहा मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रविष्टियाँ 25 सितम्बर की रात 9 बजे तक भेजी जानी हैं। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियाँ व्हाट्सऐप पर मोबाइल नंबर 8603851311 पर साझा कर सकते हैं।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

