झरिया(JHARIA): धनसार थाना क्षेत्र के बेरा कोलियारी बिजली घर में रविवार देर रात लगभग 40 की संख्या में अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। अपराधियों ने मौके पर मौजूद सभी कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 200 फीट केबल, स्विच और ट्रांसफार्मर मे लगे कीमती सामान निकाल लिया। विरोध करने पर गोली मार देने की धमकी दी और कर्मियों का मोबाइल फोन छीन लिया। जाते-जाते अपराधी बीसीसीएल कर्मी सुनील पंडित का चांदी का ब्रेसलेट भी ले भागे।
सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि वारदात स्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर सीआईएसएफ जवान तैनात थे, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। वहीं, लगातार रात्री गश्ती का दावा करने वाली धनसार थाना पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी घटना उनकी नजरों से कैसे ओझल रही।
घटना के बाद सीआईएसएफ और धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लुटे गए सामान का जायजा लिया। बीसीसीएल प्रबंधन ने धनसार थाना में लगभग दो लाख रुपए के सामान चोरी होने का मामला दर्ज कराया है।
बीसीसीएल कर्मियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसे हमले हो चुके हैं, जिनमें कर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल किया गया था। कई बार प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त सुरक्षा की मांग भी की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
NEWS ANP के लिए झरिया से अरबिंद सिंह बुंदेला की रिपोर्ट

