राज्य की सात नदियां लाल निशान से उपर बह रही है। इसमें गंगा, गंडक, बूढ़ी गंडक, कोसी, बागमती, पुनपुन, सोन नदी शामिल है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक मंगलवार को दोपहर 2 बजे पटना गांधी घाट पर गंगा नदी 110 सेमी, गोपालगंज के डुमरियाघाट पर गंडक नदी 34 सेमी, खगड़िया में बूढ़ी गंडक नदी 81 सेमी, कटिहार के कुरसेला में कोसी 57 सेमी, मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में बागमती नदी 97 सेमी, पटना के श्रीपालपुर में पुनपुन नदी 40 सेमी और पटना के मनेर में सोन नदी 74 सेमी खतरे के निशान से उपर मापा गया है। इन नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होने के बाद फरक्का बांध का सभी 108 गेट खोला गया है।
इसके साथ ही जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल जैसे राज्यों की नदियों का जल आकर हमारी नदियों को प्रभावित करती है। विशेष रूप से गंगा नदी का जलस्तर इन दिनों कई स्थानों पर बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बनारस, प्रयागराज सहित अन्य अपस्ट्रीम स्थलों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे घटने की संभावना है। विभाग किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

