दिल्ली(DELHI):राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित भव्य समारोह में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 71 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 139 नामों की घोषणा हुई थी, जिनमें से शेष को आगामी समारोह में सम्मानित किया जायेगा। समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और कई गणमान्य व्यक्ति समारोह में मौजूद रहे। पद्म पुरस्कार भारत सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वालों को दिए जाते हैं। इसमें पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण की श्रेणियां शामिल हैं।
पद्म विभूषण पाने वाले प्रमुख नामः वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम, एआईजी हॉस्पिटल्स के प्रमुख डी. नागेश्वर रेड्डी, एमटी वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) और ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
10 को मिला पद्म भूषणः शेखर कपूर (कला), साध्वी ऋतंभरा (सामाजिक कार्य), राम बहादुर राय (पत्रकारिता), पीआर श्रीजेश (खेल), सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत, सार्वजनिक जीवन) सहित 10 विभूतियों को पद्म भूषण से नवाजा गया।
सुशील कुमार मोदी का योगदानः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को उनके तीन दशक के राजनीतिक योगदान के लिये मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया। उनकी पत्नी जेसी सुशील मोदी ने पुरस्कार ग्रहण किया।
ओसामु सुजुकी की विरासतः सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन ओसामु सुजुकी को भारत में ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान किया गया। उनके बेटे तोशीहिरो सुजुकी ने पुरस्कार ग्रहण किया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

