सिर्फ 14 साल की उम्र… और बल्ला ऐसा चला कि इतिहास खुद झुक गया।
बिहार(BIHAR): समस्तीपुर के छोटे से गांव ताजपुर से निकले वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंदों में शतक ठोककर IPL 2025 में तहलका मचा दिया। अब वो दुनिया के सबसे युवा शतकवीर बन चुके हैं। वैभव के शतक ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को गुजरात टाइटंस (GT) से 8 विकेट से जीता दिया। पूरा बिहार आज गर्व से मुस्कुरा रहा है और देश झूम रहा है। उनके गांव की गलियों में ढोल बज रहे हैं, मिठाइयों की मिठास में लोग एक-दूजे को गले लगा रहे हैं। और इसी जश्न के बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद फोन कर वैभव को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राज्य सरकार ने वैभव को 10 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की है।
वैभव की इस कामयाबी पर उनके बचपन के कोच बृजेश झा की आंखों में गर्व के आंसू हैं। वह कहते हैं, “छह साल की उम्र से जो बच्चा पटेल मैदान में पसीना बहाता था, आज वह देश का सिर ऊंचा कर रहा है।” जनवरी 2024 में जब वैभव ने मात्र 12 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था, तब शायद ही किसी ने सोचा था कि इतनी जल्दी ये सितारा आसमान छू लेगा। लेकिन अब, आसमान भी उनकी ऊंचाई नापने को छोटा लग रहा है।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

