सेवानिवृत व मृत कर्मियों के मामले प्राथमिकता के आधार पर करें निष्पादित: उपायुक्त…

सेवानिवृत व मृत कर्मियों के मामले प्राथमिकता के आधार पर करें निष्पादित: उपायुक्त…

धनबाद(DHANBAD):उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा ने सोमवार को समाहरणालय के सभागार में विभिन्न संवर्ग के सरकारी सेवकों पर की गई विभागीय कार्यवाही की समीक्षा की।

उन्होंने उप विकास आयुक्त कर्यालय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अपर समाहर्ता, एडीएम सप्लाई, डीआरडीए, अनुमंडल कार्यालय व एलआरडीसी कार्यालय में लंबित मामलों की समीक्षा की।

समीक्षा करने के बाद उपायुक्त ने सेवानिवृत एवं मृत कर्मियों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले लंबित रहने से कर्मियों को सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान करने में कठिनाई होती है। वहीं माननीय न्यायालय में लंबित मामलों पर सरकारी अधिवक्ता से अद्यतन रिपोर्ट लेने का निर्देश दिया।

वहीं मैट्रिक और इंटर की परीक्षा को लेकर उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को सतर्क रहने, परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने, सीसीटीवी कैमरे की जांच करने, अधिकृत व्यक्ति को ही परीक्षा केंद्र में प्रश्नपत्र ले जाने देने सहित झारखंड अधिविद्य परिषद् के नियमों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त माधवी मिश्रा, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो, डीएलओ राम नारायण खलको, विभिन्न अंचल के अंचल अधिकारी, स्थापना शाखा के कार्यालय अधीक्षक शांतनु सरकार, सचिन कुमार रजक, रितेश मंडल के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *