40 साल से कारोबार करने वाले व्यवसायी गुरुचरण सिंह शेरा रंगदारों के भय से खालसा होटल बेच पंजाब चले गए..

धनबाद(DHANBAD) धनबाद के जीटी रोड का चर्चित खालसा होटल बेच कर मालिक गुरुचरण सिंह शेरा शुक्रवार को पूरे परिवार के साथ लुधियाना रवाना हो गए। जमीन कारोबारी जोड़ाफाटक धनबाद निवासी इकबाल सिंह उर्फ राजू सरदार ने होटल खरीद लिया। होटल की रजिस्ट्री करने के साथ ही गुरुचरण अपने दो बेटों रणजीत सिंह एवं तरणजीत सिंह समेत पूरे परिवार के साथ शुक्रवार रात में ही लुधियाना चले गए। गुरुचरण से पिछले कुछ समय से गैंग्स ऑफ वासेपुर के कुख्यात प्रिंस खान और उसके गुर्गे रंगदारी मांग रहे थे। इससे उनका परिवार भयभीत था। 24 फरवरी 2004 में जम्मू में एक सड़क हादसे में अपने दो युवा पुत्रों अमित सिंह और हरमीत सिंह की मौत के बाद गुरुचरण सिंह लगभग टूट चुके थे। पिछले वर्ष रंगदारी मामले में भी यह परिवार भयभीत हो गया था।

जानिए खालशा में होटल मालिक को कब मिली थी धमकी..

09 सितंबर 2023 की सुबह 7.42 बजे अपराधियों ने खालसा होटल के काउंटर पर बम विस्फोट कर दहशत पैदा कर दी थी। काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों में काउंटर पर पंप फेंक दिया था। हालांकि बम विस्फोट में जान-माल को क्षति तो नहीं पहुंची, परंतु यह परिवार दहशत में आ गया। उसके दो दिन पूर्व ही गैंग्स के प्रिंस खान के कथित शूटर मेजर ने रंगदारी के लिए उन्हें धमकी दी थी। मेजर ने 30 लाख रुपए एवं प्रति माह 30 हजार रुपए रंगदारी की मांग की थी। इसके दो दिन पूर्व ही होटल के बाहर जोरदार आवाज सुनाई दी थी। रंगदारी की इस घटना से गुरुचरण सिंह का परिवार अंदर से दहल उठा और धनबाद को छोड़ने का मन बना लिया। अब यह परिवार चंडीगढ़ व लुधियाना में अलग-अलग स्थानों पर बसेगा और कारोबार की नई शुरुआत करेगा। इधर खरीद बिक्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद
शुक्रवार को नए मालिक इकबाल सिंह उर्फ राजू सरदार ने होटल को अपने कब्जे में ले लिया…

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा …

40 सालों से झारखंड में अपना व्यवसाय चला रहे धनबाद के प्रतिष्ठित खालसा होटल के मालिक गुरुचरण जी को रंगदारी के भय से अपना काम धंधा बंद कर पंजाब जाना पड़ा।

यह अत्यंत निराशाजनक और शर्मनाक खबर है। झामुमो-कांग्रेस की सरकार ने प्रिंस खान जैसे गुंडे को समर्थन देकर झारखंड की छवि पर कालिख पोत दी है। झामुमो-कांग्रेस वाले बताएं, क्या ऐसे ही झारखंड में निवेश बढ़ेगा? क्या ऐसे ही झारखंड उन्नति करेगा?

बात-बात पर अपने पति का अपराध पूछने वाली कल्पना सोरेन जी देख लीजिए, यह है आपके पति का अपराध! हेमंत सोरेन ने सत्ता संभालते ही राज्य की पुलिस प्रशासन को पंगु बनाकर वसूली के कामों में लगा दिया और स्वयं गुंडे-अपराधियों संग गिरोह बनाकर राज्य की आम जनता का भयादोहन शुरू कर दिया।

मैं गुरुचरण जी को आश्वस्त करता हूं कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही 24 घंटे के अंदर धनबाद समेत पूरे झारखंड से प्रिंस खान जैसे गुंडे तख्ती लेकर जान की भीख मांगते फिरेंगे। भाजपा शासन में अर्थव्यवस्था चलाने वाले व्यवसायियों का नहीं बल्कि रंगदारी मांग रहे गुंडों का पलायन होगा।

Jharkhand Police के डीजीपी फिलहाल इस शर्मनाक खबर पर जरूर आत्मचिंतन करे और निर्णय लें कि उन्हें शासन की सेवा करनी है या जनता की सुरक्षा?

NEWS ANP के लिए रांची से वी सिंह के साथ धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट…

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *