DESK: महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में पुलिस के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में तेलंगाना का कुख्यात नक्सली प्रभाकर उर्फ लोकेटी चंदर राव मारा गया। प्रभाकर पर 25 लाख रुपये का ईनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल 7 नक्सली ढेर किये गये हैं। मारा गया प्रभाकर उर्फ लोकेटी चंदर राव नक्सली संगठन का शीर्ष कैडर नेता था। वह महाराष्ट्र–तेलंगाना सीमा पर माओवादी गतिविधियों का मास्टरमाइंड माना जाता था। कई बड़ी नक्सली वारदातों में वह मोस्ट वांटेड था। लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में शामिल थ
तीन दिन चला निर्णायक ऑपरेशन
गढ़चिरौली पुलिस की विशेष इकाई सी-60 की 14 टुकड़ियों में तैनात सुरक्षाबल ने नारायणपुर–गढ़चिरौली सीमा के फोडेवाड़ा गांव के पास घेराबंदी की, जंगलों में सघन तलाशी के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 7 माओवादी ढेर हो गये। पुलिस के अनुसार, मारे गये नक्सलियों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। बीती रात तीन एवं आज 4 डेड बॉडी मिले। इलाके में अब भी सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। मौके से 3 एके-47 राइफल, 1 एसएलआर, एक .303 राइफल मिले। मारे गये अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है। एक आला पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि प्रभाकर के मारे जाने से माओवादी नेटवर्क को गहरा झटका लगा है। गढ़चिरौली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा हालात मजबूत होंगे। इस अभियान में घायल सी-60 जवान दीपक चिन्ना मदावी (38) इलाज के दौरान शहीद हो गये। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ शनिवार को पैतृक गांव में किया जायेगा। एक अन्य घायल जवान जोगा मदावी को एयरलिफ्ट किया गया है, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

