धनबाद(DHANBAD): कोयला कारोबारी सह कांग्रेस नेता सुरेश सिंह हत्या मामले में पिछले 15 वर्षों से फरार चल रहे आरोपित शशि सिंह की गिरफ्तारी के लिए धनबाद पुलिस ने बुधवार देर रात उसके कोलाकुसमा स्थित आवास पृथ्वी मेंशन में छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1:30 बजे सरायढेला सहित कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम भारी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची। मुख्य दरवाजा बंद मिलने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर पूरे घर की गहन तलाशी ली। हालांकि लंबे समय तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद शशि सिंह का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शशि सिंह के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी है। हाल के दिनों में उसके अपने आवास के आसपास देखे जाने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जिलेभर में वारंटियों पर चला विशेष अभियान
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर बुधवार देर रात पूरे जिले में वारंट निष्पादन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। गुरुवार सुबह तक चले अभियान में विभिन्न थाना एवं ओपी पुलिस ने एक साथ छापेमारी कर 264 अभियुक्तों के वारंट और 77 स्थायी वारंट का निष्पादन किया।
अभियान के दौरान दर्जनों वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। जांच के दौरान कुछ वारंटी मृत पाए गए, जिनके संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया।
यह अभियान ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाया गया, जबकि जिले के सभी डीएसपी व एसडीपीओ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे।
गोविंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सात वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपितों में आलम उर्फ वाली आलम, मोतीलाल दास, राजू अंसारी, संजय मंडल, खेतरू महतो, विष्णु मंडल और शहाबुद्दीन अंसारी शामिल हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

