हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक डकैती: बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करोड़ों का सोना-नकदी लूट…

हजारीबाग में दिनदहाड़े बैंक डकैती: बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करोड़ों का सोना-नकदी लूट…

हजारीबाग(HAZARIBAGH): हजारीबाग के बरही से बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े अपराधियों ने बैंक डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा से करीब 5 से 6 करोड़ रुपये का सोना और लगभग 4 लाख रुपये नकद लूटकर अपराधी फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने महज 10 से 15 मिनट के अंदर पूरी वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर काबू में लिया, बैंक मैनेजर के साथ मारपीट की और सभी कर्मियों को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया, जहां वे करीब एक घंटे तक फंसे रहे।

डकैतों ने बड़ी चालाकी से पहले बैंक में एंट्री की। दो अपराधी करंट अकाउंट खुलवाने के बहाने अंदर आए, फिर उनके पीछे बाकी साथी भी बैंक में घुस गए। सभी ने अपने चेहरे हेलमेट, नकाब और गमछे से ढक रखे थे और उनके पास हथियार मौजूद थे।

बैंक कर्मियों ने बताया कि उन्होंने अपराधियों को सोना न लूटने की अपील की, क्योंकि वह ग्राहकों का गिरवी रखा हुआ था, लेकिन अपराधियों ने सबसे पहले स्ट्रांग रूम खुलवाकर सोने पर ही हाथ साफ किया। इसके अलावा बैंक में मौजूद करीब 4 लाख रुपये नकद भी लूट लिए गए।

घटना की सूचना मिलते ही बरही के एसडीपीओ विमल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लूट की सटीक राशि का मिलान किया जा रहा है, जबकि प्रारंभिक तौर पर करीब 2 करोड़ रुपये की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है, गश्ती बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *