मिहिजाम (जामताड़ा)।सृजन पब्लिक स्कूल, पाल बागान मिहिजाम में वार्षिक उत्सव प्रवाह – मानव विकास एवं भारतीय इतिहास” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति तथा देश-विदेश के स्वर्णिम इतिहास की जीवंत झांकियाँ प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की सजीव प्रस्तुतियों को अभिभावकों और आम दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मंचीय प्रदर्शन तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुदृढ़ करना था। श्रृजन की सहज, सरल और प्रभावी कार्यसंस्कृति के माध्यम से पठन-पाठन के साथ-साथ श्रेष्ठ मानवता, अनुशासन, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के बीजारोपण की दिशा में एक सशक्त पहल दिखाई दी। विद्यालय के इस प्रयास को सरकारी पाठशालाओं में बेहतर परिणामों के लिए अनुकरणीय बताया गया।
कार्यक्रम में जामताड़ा जिले के अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में तथा मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में इतिहास-बोध, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव की भावना मजबूत होती है।
विद्यालय की चेयरमैन सविता तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में बच्चों ने मानव विकास और भारतीय इतिहास के विभिन्न चरणों को भावपूर्ण नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम ने दर्शकों को न केवल भारतीय इतिहास और संस्कृति से जोड़ा, बल्कि नई पीढ़ी में अपनी जड़ों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना भी प्रबल की।
विद्यालय की प्राचार्या सीमा तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उप-प्राचार्या राखी सिंह सहित शिक्षिकाएँ— अर्पिता बनर्जी, अविनाश कौर (मंच संचालिका), श्वेता ओझा, रितु मेहता, नीतू साव, रिम्पा विश्वास, सविता पाल, महिमा दास, एंजल दास—तथा शिक्षक सुब्रदीप साद्या के अथक परिश्रम और समर्पण से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। बच्चों की सजीव और प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए।
समारोह में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी भी काबिले-तारीफ रही। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को बेहतर नागरिक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं।
NEWS ANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट जामताड़ा

