धनबाद(DHANBAD):गोविंदपुर थाना अंतर्गत साबलपुर कोचाकुल्ही निवासी बीसीसीएल के रिटायर कर्मी जयप्रकाश सिंह व उनके पुत्र धनबाद पब्लिक स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर पंकज कुमार के आवास का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी व जेवरात समेत 35 लाख की संपत्ति की चोरी कर ली. घटना के समय घर में कोई नहीं था. घर के सभी सदस्य कुंभ स्नान करने प्रयागराज गये थे. रविवार की रात को जब घर के सभी सदस्य लौटे, तो घटना का पता चला. रविवार की रात 11:30 बजे सूचना पर गोविंदपुर पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली. पंकज के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
कैसे हुई घटना :
पंकज कुमार अपनी पत्नी पल्लवी व बच्चों के साथ शुक्रवार को प्रयागराज गये थे. उस समय उनके घर में उनके बहनोई कृष्ण कुमार कन्हैया व बहन रूबी सिंह बच्चों के साथ थे. शनिवार शाम को ये लोग भी घर में ताला लगाकर लखीसराय रवाना हो गये. इसी दौरान मौका पाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. चोर चहारदीवारी पार कर अंदर घुसे और ग्रिल तथा दरवाजा में लगा ताला को तोड़ कर चोरी की. गृह स्वामी पंकज कुमार के अनुसार घर का मुख्य दरवाजा व अंदर के दो कमरों का दरवाजा टूटा था. अलमारी भी टूटी हुई थी. घर के सभी सामान इधर-उधर बिखरे पड़े थे.
इन सामानों की हुई चोरी :
31 भर सोना व 70 भर चांदी का जेवरों में कंगन, हार, रिंग, सोने का चेन 5, झुमका 5, टॉप 7, डायमंड रिंग एक, डायमंड टॉप दो, बैंगल दो, बाला एक, टॉप चार, मंगलसूत्र एक, पुरुष के रिंग 8, लॉकेट दो के अलावा चोर सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर व एसी का स्टेबलाइजर ले गये हैं. घर में रखे आईफोन, लैपटॉप एवं टीवी को अपराधियों ने छुआ तक नहीं.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

