जामताड़ा(JAMTADA): झारखंड के जामताड़ा जिले में एक बार फिर साइबर अपराधियों की सक्रियता सामने आई है। इस बार ठगों ने बेहद चौंकाने वाला तरीका अपनाते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट तैयार कर लिया है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर अपराधियों ने +62857-4611-3378 नंबर से “रवि आनंद” नाम का नकली व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर कुछ लोगों को संदेश भेजने की कोशिश की है। इस मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है।
उपायुक्त की अपील: मैसेज को करें इग्नोर, तुरंत करें ब्लॉक
उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए स्पष्ट कहा है कि—
इस नंबर से आने वाले किसी भी संदेश को इग्नोर करें
तुरंत उस नंबर को ब्लॉक कर दें
किसी भी प्रकार के झांसे या लालच में न आएं
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि इस फर्जी अकाउंट के माध्यम से किसी प्रकार की पैसों की मांग की जाती है, तो उसे बिल्कुल नजरअंदाज करें और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।
साइबर थाना में शिकायत करने की अपील
प्रशासन ने आम जनता से कहा है कि यदि किसी को इस फर्जी अकाउंट से मैसेज प्राप्त होता है, तो वह तुरंत साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
केवल आधिकारिक सोशल मीडिया पर ही करें भरोसा
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की आधिकारिक सूचना के लिए केवल प्रमाणित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। उपायुक्त कार्यालय के आधिकारिक अकाउंट निम्नलिखित हैं—
फेसबुक: https://www.facebook.com/share/1DHLs35irC/
एक्स (X): https://x.com/dcjamtara
इंस्टाग्राम: https://www.instagram.com/dc_jamtara_official
जागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा हथियार
जामताड़ा, जो पहले से ही साइबर अपराधों के लिए चर्चित रहा है, वहां इस तरह की घटनाएं प्रशासन और आम जनता दोनों के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

