धनबाद(DHANBAD): रणधीर वर्मा चौक पर सोमवार की शाम को एक अनोखा और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब मनईटांड़ मंडल के आईटी संयोजक सुनील पांडेय ने लगभग पांच वर्षों बाद अपने सिर और दाढ़ी का मुंडन कराया। यह केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि एक लंबे राजनीतिक संकल्प की पूर्ति का प्रतीक था।
बताया गया कि पांडेय ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ कथित अत्याचारों को लेकर यह प्रण लिया था कि जब तक भारतीय जनता पार्टी को पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा, तब तक वे अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे।
आज उन्होंने अपने उसी संकल्प को पूर्ण करते हुए मुंडन कराया और इसे “संघर्ष, विश्वास और धैर्य की जीत” बताया। इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके इस कदम को समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुनील पांडेय का यह त्याग और संकल्प संगठन के अन्य सदस्यों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाता है कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ता किस प्रकार अपने विचारों और उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

