शिक्षक बने राहवीर, उपायुक्त ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित…

शिक्षक बने राहवीर, उपायुक्त ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित…

दुर्घटना में घायल छात्राओं का तत्काल उपचार कराकर परीक्षा में कराया शामिल

धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आज संध्या के.बी.आर. हाई स्कूल महुदा के शिक्षकों, छत्रुटांड पंचायत के मुखिया, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य को सड़क दुर्घटना में घायल छात्राओं की त्वरित सहायता कर, उनका मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें सकुशल परीक्षा सेंटर में पहुंचाकर बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित कराने के लिए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

दरअसल, आज मैट्रिक की परीक्षा की प्रथम शिफ्ट में कतरास के राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय की 11 छात्राएं मारुति ओमनी जेएच 10 ए.ए. 8926 से अंग्रेजी की परीक्षा में शामिल होने के लिए छत्रुटांड पंचायत होकर के.बी.आर. हाई स्कूल महुदा जा रही थी। इस दौरान सिनिडीह मोड़ के पास सुबह 8.45 बजे एक ट्रक संख्या जेएच 10 डी.ई. 7228 ने मारुति ओमनी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर काफी जोरदार थी। इससे ओमनी दो बार पलट गई। टक्कर के बाद कोमल कुमारी एवं अंजली कुमारी को अधिक चोट लगी। जबकि अन्य छात्राओं को मामूली चोट आई। घटना से छात्राएं काफी घबरा गई।

जैसे ही इसकी सूचना शिक्षा विभाग के बीपीओ विकास लाल दास एवं सीआरपी मदन मोहन झा को मिली उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा को सूचित किया। सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार पाल एवं सीआरपी मदन मोहन झा को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। सूचना पर छत्रुटांड के मुखिया दिनेश कुमार प्रमाणिक तथा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी तत्काल सभी बच्चियों को निचितपुर क्लीनिक में इलाज के लिए ले गए। बीटीएम प्लस टू हाई स्कूल मालकेरा के प्राचार्य जय होरो, फिजियोथैरेपिस्ट मो ग्यास सरवर, के.बी.आर. हाई स्कूल के प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव भी क्लीनिक पहुंचे।

क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कर घबराई छात्राओं का मनोबल बढ़ाया तथा उनको निजी वाहन से परीक्षा केंद्र पहुंचाया। वहीं अधिक घायल छात्राओं के बारे में जिला शिक्षा पदाधिकारी को बताया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्र में विशेष रूम की व्यवस्था करवा कर छात्राओं को परीक्षा में शामिल कराया। साथ ही बाघमारा स्वास्थ्य केंद्र के डॉ स्वतंत्र कुमार अपनी टीम के साथ जब तक परीक्षा संपन्न नहीं हुई तब तक सेंटर पर बैठे रहे। जबकि छत्रुटांड के मुखिया ने सभी छात्राओं तथा उनके अभिभावकों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की। परीक्षा पूरी होने के बाद निजी वाहन से सभी को उनके घर पहुंचाया।

उपायुक्त को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने इस कार्य में राहवीर बनकर छात्रों की सहायता करने वाले सभी को संध्या समाहरणालय बुलाया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उनके नेक कार्य के लिए प्रशंसा की। तत्पश्चात शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

मौके पर राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका सरिता वर्मा, सोनी कुमारी, ईश्वर चंद्र दुबे, बीटीएम रंजीत रवानी, के.बी.आर. हाई स्कूल के शिक्षक करुनेश श्रीवास्तव, अजीज हुसैन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *