DESK:भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने विश्वविजेता इंडिया टीम पर 131 करोड़ रुपये की ईनामी की बारिश कर दी है। बोर्ड ने पूरे भारतीय दल के लिये 131 करोड़ रुपये की ईनामी राशि का ऐलान किया। इस राशि में 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सपोर्ट स्टाफ को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों को सबसे बड़ा हिस्सा मिलेगा। सपोर्ट स्टाफ की राशि उनकी जिम्मेदारी और पद के अनुसार तय की जायेगी। इस बार की इनामी राशि पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ गई है। 2024 टी20 विश्वकप जीतने के बाद टीम को 125 करोड़ रुपये दिये गये थे। इस बार बोर्ड ने 6 करोड़ रुपये अधिक यानी 131 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है। यानि जीत का जश्न इस बार और भी बड़ा और शानदार हो गया है। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने टीम की सराहना करते हुये कहा कि बोर्ड खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिये बधाई देता है। हमें उम्मीद है कि टीम आगे भी इसी तरह देश को गौरवान्वित करती रहेगी। यहां याद दिला दें कि फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के शानदार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत लगातार दो बार टी20 विश्वकप जीतने वाली पहली टीम बना। पुरुष T20 विश्वकप तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गया। इसके साथ भारत ने लगातार तीन ICC ट्रॉफी जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

