लापता पायल का हाल देख घरवालों की निकल गई चीख…

लापता पायल का हाल देख घरवालों की निकल गई चीख…

गिरिडीह(GIRIDIH): गिरिडीह में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मुफ्फसिल थाना इलाके के बरगंडा पुराने पुल के नीचे उसरी नदी से एक छात्रा की लाश बरामद हुई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान 11वीं की छात्रा पायल कुमारी के रूप में हुई, जो बीते दो दिनों से लापता थी। पायल सिर्फ पढ़ाई ही नहीं करती थी, बल्कि सिलाई प्रशिक्षण लेने के साथ-साथ बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। परिवार के मुताबिक, वह बेहद जिम्मेदार और मेहनती लड़की थी।

“10 मिनट में घर पहुंच रही हूं…” और फिर मोबाइल बंद
मृतका के चचेरे भाई पिंटू कुमार दास ने बताया कि पायल रोज की तरह सोमवार सुबह घर से निकली थी। वह कंप्यूटर क्लास जाती थी, सिलाई सीखती थी और पटेल नगर में बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। आमतौर पर दोपहर दो बजे तक घर लौट आती थी। लेकिन सोमवार को जब वह तय समय तक घर नहीं पहुंची, तो परिवार ने फोन किया। दूसरी तरफ से पायल की आवाज आई कि “ब्लॉक में सिलाई का काम खत्म हो गया है, निकल रही हूं… 10 मिनट में घर पहुंच जाऊंगी।” यही पायल की परिवार से आखिरी बातचीत साबित हुई।

करीब एक घंटे बाद दोबारा फोन किया गया तो मोबाइल बंद मिला। परिवार घबरा गया। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू हुई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मोबाइल डिटेल खंगाले, सहेलियों और जानने वालों से पूछताछ की, लेकिन पायल का कोई पता नहीं चला।

पुल के नीचे मिली लाश
बुधवार सुबह बरगंडा पुराने पुल के नीचे नदी किनारे एक युवती की लाश देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो चीख-पुकार मच गई। लाश पायल की थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है। मौत कैसे हुई? हादसा, आत्महत्या या फिर कोई साजिश? फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।

पुलिस क्या कह रही है?
घटना की जानकारी मिलते ही सदर SDPO जीतबाहन उरांव और अवर निरीक्षक विवेक माधुरी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद SDPO ने कहा कि “छात्रा दो दिनों से लापता थी। उसकी लाश बरामद हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।” घरवालों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *