धनबाद(DHANBAD): केंद्र सरकार द्वारा शनिवार को धनबाद के रेलवे ऑडिटोरियम में 19वें रोजगार मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद ढुल्लू महतो और धनबाद विधायक राज सिन्हा शामिल हुए। इस दौरान देशभर के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित किया और ऑनलाइन माध्यम से 51 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश के युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और युवाओं की भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने नियुक्ति प्राप्त करने वाले युवाओं से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ देश सेवा करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि देशभर के 47 स्थानों पर रोजगार मेला आयोजित किया गया, जहां विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। मंत्री ने सभी चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

