राँची(RANCHI): राजधानी रांची की सड़कों पर अब पुलिस की नजर पहले से कहीं ज्यादा तेज और सतर्क होने वाली है। अपराध पर लगाम कसने और आम लोगों की सुरक्षा मजबूत करने के लिये पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पेट्रोलिंग व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बनाने पर चर्चा हुई। यह बैठक रांची के Composite Control Room Ranchi में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन ने की। बैठक में बताया गया कि जिले के सभी पेट्रोलिंग वाहनों में GPS सिस्टम लगाया गया है
राँची पुलिस ने बताया GPS सिस्टम के फायदे
इस तकनीक के जरिये अब हर वाहन की वर्तमान लोकेशन, मूवमेंट और दिशा एवं किसी स्थान तक पहुंचने में लगने वाला समय की सटीक जानकारी कंट्रोल रूम से ही रियल-टाइम में हासिल की जा रही है। इस नई व्यवस्था से आपातकालीन हालात में पुलिस की प्रतिक्रिया और तेज होगी। घटना की सूचना मिलते ही सबसे नजदीकी पेट्रोलिंग वाहन को तुरंत मौके पर भेजा जा सकेगा। इससे घटनास्थल पर पुलिस की शीघ्र पहुंच सुनिश्चित होगी।
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता की सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिये गये कि सभी संबंधित पदाधिकारी इस तकनीक का पूरी तरह उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में रांची के रूरल SP, सिटी SP एवं ट्रैफिक SP एवं सभी DSP और थानेदार मौजूद थे।

