
रामगढ़ (RAMGADH)जिले के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर परिसर में एक श्रद्धालु के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव और जॉनसन सुरीन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान इन पुलिसकर्मियों पर एक श्रद्धालु के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा था। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंदिर जैसे आस्था के स्थान पर आने वाले लोगों की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता या आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

