मुनीडीह में दर्दनाक हादसा कोल वाशरी में स्लरी गिरने से चार दिहाड़ी मजदूरों की मौत…

मुनीडीह में दर्दनाक हादसा कोल वाशरी में स्लरी गिरने से चार दिहाड़ी मजदूरों की मौत…
  • 20–30 फीट ऊंचाई से स्लरी भरभराकर गिरा मलबा, चारो की मौके पर मौत।

पुटकी(DHANBAD): बीसीसीएल के मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे में स्लरी (कोल डस्ट) की चपेट में आने से चार दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और लगभग 20–30 फीट ऊंचाई से स्लरी भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। मृतकों की पहचान मानिक बाउरी (42) एवं दिनेश बाउरी (45) (दोनों गोपीनाथडीह),दीपक बाउरी (44) (समशिखरा) और हेमलाल उर्फ मायरा गोप 55,रुदी (कपुरिया) के रूप में हुई है। हादसे के दौरान आसपास काम कर रहे करीब दो दर्जन मजदूर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जेसीबी और पेलोडर की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों मजदूरों के क्षत-विक्षत शव बाहर निकाले गए। सूचना मिलते ही पुटकी इंस्पेक्टर वकार हुसैन, मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी और भागाबांध ओपी प्रभारी शैलेन्द्र शर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं यूकोवयू के वाशरी सचिव शंकर गोराई भी रेस्क्यू कार्य में लगे लोगों को मदद की।

कैसे हुआ हादसा………..

प्रत्यक्षदर्शी दिहाड़ी मजदूर सुनीता देवी और संजय महतो ने बताया कि वे ट्रांसपोर्टर की गाड़ी में स्लरी लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर जमा स्लरी भरभराकर गिर पड़ी। सुनीता देवी (पति रवि राय) ने बताया कि वह भी स्लरी की चपेट में आ गई थीं, लेकिन किसी तरह साहस दिखाकर बाहर निकलने में सफल रहीं। उन्होंने कहा कि उनके सामने ही साथ काम कर रहे चार मजदूर दबकर काल के गाल में समा गए। वहीं उनके साथ 26 नंबर दंगल संजय महतो, विक्की महतो, देवनाथ बाउरी, मंजू देवी शामिल है।

मुआवजे को लेकर प्रदर्शन……….

हादसे के बाद मृतकों के परिजन और स्थानीय मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजनों और यूनियन प्रतिनिधियों ने चारों शवों को मुनीडीह वाशरी गेट पर रखकर उचित मुआवजे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि सह मुखिया मनोज सिंह,चक्रधर महतो,रमेश कुमार सिंह(दोनों मुखिया),झामुमो नेता राजकुमार नापित,
पूर्व मुखिया छोटू दास,पंसस राखाल दास,यूनियन प्रतिनिधि प्रीतम रवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों को
मुआवजा एवं दोषियों पर कारवाई की मांग की।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *