
प्रतिभाओं ने शब्दों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम को दी सशक्त अभिव्यक्ति
झरिया(JHARIA): गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के निर्देशानुसार मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा “प्रांतीय देशभक्ति स्लोगन लेखन प्रतियोगिता” का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा देश के विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
प्रतियोगिता में कुल 38 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। झरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने स्लोगनों के माध्यम से देशभक्ति, एकता एवं अखंडता की भावना को प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्त किया।
शाखा स्तर पर निर्णायक की भूमिका प्रांतीय संयोजक (राष्ट्रीय विकास एवं एकता) मुकेश मित्तल द्वारा निभाई गई। गहन मूल्यांकन के उपरांत शाखा स्तर पर चयनित प्रतिभागियों की घोषणा की गई, जिसमें
प्रथम स्थान रश्मि सिंघी (मुखर्जी नगर, दिल्ली),
द्वितीय स्थान प्रीति खेरिया (बैंक मोड़, धनबाद) तथा
तृतीय स्थान आकांक्षा बजोरिया (अशोक नगर, धनबाद) को प्राप्त हुआ।
चयनित श्रेष्ठ स्लोगनों को प्रांतीय स्तर पर भेजा गया है, जहाँ शीर्ष प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करते हैं तथा समाज को एक नई दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम संयोजक नेहा मित्तल की भूमिका सराहनीय रही। शाखा की ओर से सभी प्रतिभागियों, निर्णायक एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

