राजगंज(DHANBAD):राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर रविवार अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। महेशपुर मोड़ के समीप सड़क पर चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रही क्रेटा कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे कार सवार तीनों युवकों की जान बच गई। हादसे में चालक मयंक समेत उसके दोस्त सत्यम और देव को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि सभी युवक हीरापुर के रहने वाले हैं और तोपचांची के एक होटल से धनबाद लौट रहे थे। इसी दौरान महेशपुर मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में क्षतिग्रस्त कार को हाइड्रा मशीन की मदद से हटाकर राजगंज थाना ले जाया गया।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट
