DESK: भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर मुश्किल में फंसाने की सोच रहा बांग्लादेश खुद ही संकट में आ गया है. भारत को उल्टा-सीधा कहते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के डायरेक्टर नजमुल इस्लाम का अपने क्रिकेटरों को भी ‘इंडिया एजेंट’ कह देने का मामला तूल पकड़ गया है. इस मुद्दे पर क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (WCAB) ने बुधवार को ही बायकॉट की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद बीसीबी ने बैकफुट पर आते हुए इस बयान पर खेद जताया था और इस्लाम को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इसके बावजूद क्रिकेटरों ने इस्लाम का इस्तीफा लिए जाने तक बायकॉट जारी रखने का ऐलान किया था. गुरुवार को इस बायकॉट का असली रंग देखने को मिला, जब ढाका क्रिकेट लीग के चार मैचों के बाद बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL 2026) के मैच में भी टॉस नहीं हो पाया है. क्रिकेट एसोसिएशन ने इस्लाम के इस्तीफे तक लीग पर ताला लगाने की घोषणा कर दी है. इसके चलते कई घंटे से खिलाड़ियों की मानमनौव्वल चल रही है, लेकिन शाम 4.30 बजे तक मैच नहीं शुरू हो सका है. देर शाम नजमुल इस्लाम को क्रिकेट बोर्ड की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन पद से हटा दिया गया है, लेकिन डायरेक्टर के पद से हटाने में तकनीकी पेंच फंसा हुआ है.
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

