झरिया(JHARIA): अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, बिहार के कैमूर जिले से जेडीयू के नेता एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान एक दिवसीय धनबाद दौरे पर झरिया पहुंचे। इस दौरान वे झरिया की वर्तमान विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंशन पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक कुंती देवी से आशीर्वाद लिया।
सिंह मेंशन में वर्तमान विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह ने मंत्री मोहम्मद जमा खान को शॉल और गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद मंत्री मोहम्मद जमा खान ने ऐना कोलियरी स्थित आरके अर्थ रिसोर्सेस आउटसोर्सिंग परियोजना का निरीक्षण किया और वहां हो रहे कोयला उत्खनन कार्य को बारीकी से देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को भी जाना।
मीडिया को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि कोयलांचल धनबाद का दौरा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहां मजदूर जिस तरह जोखिम भरे हालात में कोयला निकालते हैं, वह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मजदूरों से जुड़े मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लेकर वर्तमान विधायक रागिनी सिंह एवं पूर्व विधायक संजीव सिंह से जानकारी ली गई है। मजदूर हित से जुड़ी जो भी बातें होंगी, उन्हें वे कैबिनेट में रखने का प्रयास करेंगे।
इस एक दिवसीय धनबाद प्रवास और आरके अर्थ रिसोर्सेस आउटसोर्सिंग परियोजना के निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ वर्तमान विधायक रागिनी सिंह, पूर्व विधायक संजीव सिंह, विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह, आरके प्रबंधन के रवि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कोलियरी मजदूर मौजूद रहे।
NEWS ANP के लिए झरिया अरबिंद सिंह बुंदेला की रिपोर्ट

