बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, सांसद ढुलू महतो की सख्त पहल पर मिला नामांकन का अतिरिक्त अवसर..

बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, सांसद ढुलू महतो की सख्त पहल पर मिला नामांकन का अतिरिक्त अवसर..

20-22 अगस्त निर्धारित समय में नामांकन प्रक्रिया पूरी करें अभ्यर्थी : ढुलू महतो

धनबाद (DHANBAD):राजकीय पॉलिटेक्निक, निरसा, धनबाद में नामांकन प्रक्रिया बाधित होने के कारण 30 से अधिक छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया था। यह गंभीर मामला संज्ञान में आते ही धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने बिना देरी किए संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षा नियंत्रक के समक्ष इस मुद्दे को कड़े शब्दों में उठाया और स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सांसद ढुलू महतो के कड़े रुख और ठोस हस्तक्षेप का नतीजा रहा कि झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामांकन से वंचित छात्रों को पुनः नामांकन हेतु तीन दिन का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया। जारी पत्र के अनुसार अभ्यर्थी 20, 21 और 22 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

इस निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ और लापरवाही के कारण बच्चों का भविष्य अंधकारमय करने की साजिश करते हैं, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूँ कि जब तक ढुलू महतो जिंदा है, धनबाद के किसी भी बच्चे के साथ अन्याय नहीं होने दूँगा। यह बर्दाश्त के बाहर है और ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा और अवसर हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। यह सरकार और संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि उन्हें समय पर और पारदर्शी व्यवस्था मिले। छात्रों और उनके अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थी अतिरिक्त तिथि में नामांकन की प्रक्रिया अवश्य पूरी करें और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ें।

सांसद ने दोहराया कि जनप्रतिनिधि का काम जनता की लड़ाई लड़ना और समस्याओं का समाधान करना है, न कि उन्हें परेशान करना। मैं हमेशा अंतिम दम तक जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ा रहूँगा।

NEWS ANP के लिए अरबिंद सिंह बुंदेला की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *