बकरीद को लेकर धनबाद पुलिस हाई अलर्ट पर, पुलिस केंद्र में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल…

बकरीद को लेकर धनबाद पुलिस हाई अलर्ट पर, पुलिस केंद्र में हुआ व्यापक मॉक ड्रिल…

धनबाद(DHANBAD): बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक Prabhat Kumar के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से जिले में किसी भी आपात स्थिति, भीड़ नियंत्रण, सांप्रदायिक तनाव एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया।

इस दौरान सिटी एसपी Ritwik Srivastava, ग्रामीण एसपी S Mohammad Yaqub, डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो तथा सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों को हर परिस्थिति में संयम और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल ने दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन का लाइव अभ्यास किया। जवानों द्वारा आंसू गैस के गोले दागने, लाठीचार्ज, फायरिंग, संदिग्ध हालात में त्वरित कार्रवाई और वाटर कैनन के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया गया। साथ ही संवेदनशील परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, उपद्रवियों पर नियंत्रण एवं त्वरित रिस्पांस की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बकरीद के अवसर पर जिले के सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल, क्यूआरटी (Quick Response Team) और गश्ती दलों की तैनाती की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। डायल 112 की पेट्रोलिंग टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी।

सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंट्रोल रूम और पुलिस केंद्र से पूरे जिले की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 पर देने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या माहौल खराब करने वाली पोस्ट साझा नहीं करने की चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धनबाद police ने जिलेवासियों से बकरीद को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *