पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता का परिणाम सामने आया है। आसनसोल जीआरपी ने एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सरगना मनीलाल को गिरफ्तार किया है।
मनीलाल के पास से लगभग 2.2 किलो चांदी के जेवरात बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 5.5 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के धनपुरा इलाके का निवासी है।
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार की देर रात मनीलाल आसनसोल स्टेशन से कानपुर के लिए ट्रेन पकड़ने वाला था, तभी जीआरपी की नजर उस पर पड़ी। संदेह होने पर उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें चोरी के जेवरात मिले। मनीलाल ने खुद को फेरीवाला बता कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने चोरी की स्वीकारोक्ति की।
मनीलाल ने कबूल किया कि यह जेवरात धनबाद के गोविंदपुर बाजार की ज्वेलरी शॉप से चोरी किए गए थे। उसे यह माल बेचने के लिए दिया गया था। पुलिस ने आरोपी को आसनसोल की अदालत में पेश किया, जहां उसे पाँच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
आगे की कार्रवाई में मनीलाल को प्रोडक्शन वारंट पर गोविंदपुर ले जाया जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मनीलाल और उसका गिरोह पिछले आठ वर्षों से मुख्य रूप से झारखंड और बिहार में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पहले ये लोग बरेली में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्होंने यह आपराधिक मार्ग अपनाया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

