प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार…

प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपी गिरफ्तार…

धनबाद(DHANBAD):धनबाद पुलिस को रंगदारी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम पर फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बरवाअड्डा थाना मैं मामला दर्ज किया गया था।

गुरुवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 6 मई 2026 को गुलाम अंसारी ने बरवाअड्डा थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर और लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का इस्तेमाल कर गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद स्थित असर्फी अस्पताल के संचालक से भी रंगदारी मांगने के लिए फोन किया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल और एक रियलमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *