प्रयागराज में बदमाश ढेर, STF पर 30 गोलियां चलाईं:बोला- भाग जाओ, नहीं तो AK-47 से उड़ा दूंगा; 4 लाख का इनामी था…

प्रयागराज में बदमाश ढेर, STF पर 30 गोलियां चलाईं:बोला- भाग जाओ, नहीं तो AK-47 से उड़ा दूंगा; 4 लाख का इनामी था…

प्रयागराज में यूपी STF ने झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर छोटू धनबादिया उर्फ आशीष रंजन को ढेर कर दिया। आशीष रंजन पर 4 लाख रुपए का इनाम था। STF इंस्पेक्टर प्रयागराज जेपी राय ने बताया- आशीष एमपी के रास्ते शंकरगढ़ पहुंचा था।

सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रेस हुई। शंकरगढ़ के शिवराज चौराहे पर घेराबंदी की गई। यहां बाइक से आशीष रंजन आता हुआ नजर आया। STF ने उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस को देख उसने गाड़ी की स्पीड तेज कर ली।

STF ने उसका पीछा किया। कुछ दूर जाकर उसने एके-47 से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। टीम ने क्रॉस फायरिंग की। इसमें गोली आशीष रंजन को लग गई। खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

STF के मुताबिक, 10 मिनट तक मुठभेड़ चली। 46 राउंड फायरिंग हुई। इसमें से 16 राउंड फायरिंग STF ने की। बदमाश के पास से AK-47, पिस्टल और 9MM कारतूस मिले हैं।

5 पॉइंट में जानिए कैसे हुई मुठभेड़

STF के मुताबिक, टीम को खबर मिली कि झारखंड का मोस्टवांटेड अपराधी आशीष रंजन सिंह उर्फ छोटू अपने साथी के साथ प्रयागराज में बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहा। टीम ने तुरंत उसे पकड़ने की योजना बनाई। शिवराजपुर-प्रतापपुर रोड पर 3 किमी आगे घेराबंदी की। कुछ ही देर में बाइक से दो लोग आते दिखाई दिए।
मुखबिर ने दूर से टॉर्च और हेडलाइट की रोशनी में पहचान कर बताया कि बाइक चला रहा युवक ही छोटू है। उसकी पीठ पर बैग था। टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन छोटू जंगल की भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई। दोनों बदमाश गिर गए।
छोटू ने झोले से AK-47 निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। टीम ने सरेंडर करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। 8-10 मिनट तक फायरिंग करता रहा। एक गोली इंस्पेक्टर जयप्रकाश राय के सिर के पास से निकल गई। जवान प्रभंजन, रोहित और अजय भी बाल-बाल बचे।
इसी बीच, छोटू ने पुलिस को ललकारते हुए कहा- भाग जाओ, मैं पहले भी कई हत्याएं कर चुका हूं, तुमको भी AK-47 से उड़ा दूंगा। आखिरकार पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। छोटू गोली लगते ही गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल छोटू को पकड़ लिया। नाम पूछने पर बोला- मैं आशीष रंजन उर्फ छोटू, धनबाद से हूं। उसकी हालत गंभीर थी, उसे बोलेरो से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छोटू का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल मेंं भाग गया।

यूपी की कई गैंग को एके-47 सप्लाई करता था आशीष

STF सूत्रों के मुताबिक, आशीष रंजन झारखंड-बिहार के अलावा यूपी में भी एक्टिव था। उस पर 20 से ज्यादा मुकदमे झारखंड और बिहार में दर्ज थे। STF को काफी टाइम से इनपुट मिल रहा था- वह धीरे-धीरे यूपी में एक्टिव हो रहा। यूपी की कई गैंग को एके-47 जैसे हाईटेक असलहों की सप्लाई भी करता था।

वारदात को अंजाम देने के बाद यूपी में छिप जाता था

झारखंड के धनबाद में अमन सिंह सहित 5 हत्याकांडों में आशीष रंजन सिंह उर्फ छोटू को पुलिस की तलाश थी। आशीष पहले अमन सिंह गैंग का शूटर था। वह अमन सिंह के इशारे पर रंगदारी मांगने से लेकर हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।

अमन ही घटना के बाद आशीष को यूपी में शेल्टर दिलाने का काम करता था। अमन के जेल जाने के बाद आशीष ने अपना वर्चस्व बढ़ाना चाहा। इस बीच, अमन से उसकी अनबन हो गई। इसके बाद आशीष ने अमन सिंह की हत्या जेल में करा दी। ‌

जेल में बंद सुंदर उर्फ रितेश यादव ने अमन को गोली मारी थी, लेकिन पूछताछ में सामने आया कि इस हत्या का मास्टरमाइंड आशीष रंजन ही था। अमन सिंह के तीन हत्यारोपियों ने पुलिस को बताया- उन्होंने आशीष के कहने पर वारदात को अंजाम दिया। बाद में हत्याकांड की जिम्मेदारी आशीष रंजन ने खुद एक ऑडियो जारी कर ली थी।

इन वारदातों में शामिल था आशीष

2019 में धनबाद के थाना सरायढेला मे जमीन कारोबारी समीर मंडल की हत्या की थी।
2021 में धनबाद के थाना कतरास में कोयला व्यापारी नीरज तिवारी की हत्या कर दी थी।
2021 में धनबाद के थाना बैकमोड में सफुल हसन उर्फ लाला की हत्या की थी।
2023 मे धनबाद जेल मे वर्चस्व को लेकर जेल में अमन सिंह की हत्या कराई थी।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *