पेयजल व्यवस्था होगी सुदृढ़ : मेयर व नगर आयुक्त ने दिए खराब हैंडपंपों की मरम्मत व नियमित जलापूर्ति के निर्देश…

पेयजल व्यवस्था होगी सुदृढ़ : मेयर व नगर आयुक्त ने दिए खराब हैंडपंपों की मरम्मत व नियमित जलापूर्ति के निर्देश…

धनबाद(DHANBAD): जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़, व्यवस्थित एवं निर्बाध बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में धनबाद के मेयर संजीव सिंह तथा नगर आयुक्त आशीष गंगवार सहित संबंधित विभागों के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान खराब पड़े हैंडपंपों की सूची तैयार कर उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने, नियमित एवं समयबद्ध जलापूर्ति बनाए रखने, जर्जर पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा वैकल्पिक जलस्रोतों को मजबूत करने जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मेयर एवं नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अधिक गंभीर है, वहां प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।

महापौर संजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गर्मी के मौसम में किसी भी वार्ड में पेयजल की किल्लत नहीं होने दी जाएगी और इसके लिए खराब हैंडपंपों व पाइपलाइनों के मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा। वहीं, नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी जलापूर्ति बाधित होने की सूचना प्राप्त होगी, वहां तत्काल तकनीकी टीम भेजकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि प्रत्येक क्षेत्र में पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। यह बैठक आगामी गर्मियों की चुनौतियों से निपटने की दिशा में प्रशासन का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *