पेट्रोल पंप संचालक के बेटे को लगी गोली, गंभीर हलात मे दुर्गापुर रेफर, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी..

पेट्रोल पंप संचालक के बेटे को लगी गोली, गंभीर हलात मे दुर्गापुर रेफर, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी..

(DHANBAD): निरसा थाना क्षेत्र के देवियाना गेट एनएच-19 के दिल्ली लेन स्थित मां उमा शक्ति फिलिंग पॉइंट में बुधवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब पेट्रोल पंप मालिक व पत्थर कारोबारी पारस सिंह के पुत्र सौरभ सिंह को गोली लग गई। घटना के बाद पंप कर्मियों और उनके साथ मौजूद दोस्तों ने आनन-फानन में सौरभ को इलाज के लिए धनबाद के असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर निरसा थाना पुलिस के साथ निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजत मानिक बाखला भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसडीपीओ रजत मानिक बाखला ने बताया कि पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। घायल युवक राणा प्रताप सिंह पेट्रोल पंप के मालिक के बेटे हैं और संभवतः उनके कंधे में गोली लगी है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस ने पेट्रोल पंप के पीछे चहारदीवारी से घिरे सुनसान स्थल से बियर की आधा दर्जन बोतलें, चिप्स के पैकेट, एक गोली का खोखा और खून के निशान बरामद किए हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खाने-पीने के दौरान फायरिंग हुई, हालांकि गोली किस परिस्थिति में चली और किसने चलाई, इसे लेकर जांच जारी है।

एसडीपीओ ने यह भी बताया कि यह जानकारी सामने आई है कि घायल के पास लाइसेंसी पिस्टल भी है, जिस बिंदु पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के समय वहां मौजूद अन्य लोगों की पहचान और तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन जारी है।

NEWS ANP के लिए धनबाद ब्यूरो की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *