DESK: पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी उबैदुल्लाह राजपूत पर इस महीने की शुरुआत में एक निजी टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने पर राष्ट्रीय महासंघ ने अनिश्चितकाल प्रतिबंध लगा दिया है। पाकिस्तान कबड्डी महासंघ (पीकेएफ) ने शनिवार को आपातकालीन बैठक के बाद राजपूत पर प्रतिबंध लगाया। उन्हें महासंघ या अन्य संबंधित अधिकारियों से अनिवार्य अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिए बिना टूर्नामेंट में खेलने के लिए विदेश यात्रा करने का दोषी पाया गया।
पीकेएफ के सचिव राणा सरवर ने कहा कि राजपूत को अनुशासनात्मक समिति के समक्ष अपील करने का अधिकार है। सरवर ने कहा कि महासंघ ने इस तथ्य पर गंभीरता से ध्यान दिया कि राजपूत न केवल बिना एनओसी के विदेश यात्रा पर गए, बल्कि उन्होंने भारत की एक टीम का प्रतिनिधित्व किया, उसकी जर्सी पहनी और एक अवसर पर मैच जीतने के बाद भारतीय ध्वज को अपने कंधों पर लपेटा। सरवर ने कहा,’लेकिन उन्होंने (राजपूत ने) दावा किया है कि यह पूरी तरह से गलतफहमी थी और उन्हें यह नहीं बताया गया था कि इस निजी टूर्नामेंट में वह जिस टीम के लिए खेलेंगे वह भारतीय टीम होगी। लेकिन फिर भी वह एनओसी नियमों का उल्लंघन करने के दोषी हैं।’
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

