इस्लामाबाद :पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में तेल और गैस के बड़े भंडार की खोज हुई है। पाकिस्तान की ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) ने कोहाट जिले में इस महत्वपूर्ण खोज की पुष्टि की है।
कंपनी के अनुसार, नए भंडार से प्रतिदिन करीब 4100 बैरल कच्चा तेल और 1 करोड़ 5 लाख क्यूबिक फीट गैस का उत्पादन होने की संभावना है। यह खोज देश के घरेलू ऊर्जा क्षेत्र के लिए अहम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस उपलब्धि पर देश को बधाई दी है। पेट्रोलियम और गैस क्षेत्र की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तेल-गैस की खोज से पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
OGDCL के बयान के अनुसार, कोहाट जिले में 5170 मीटर की गहराई तक खोदे गए इस कुएं में 187 मीटर का हाइड्रोकार्बन युक्त क्षेत्र पाया गया है। केस्ड-होल-ड्रिल स्टेम टेस्ट के जरिए इसकी व्यवहारिकता की पुष्टि की गई है। इस परियोजना में पाकिस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड की 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि गवर्नमेंट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के पास 5 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है।
इससे पहले दिसंबर 2025 में बारागजई X-01 कुएं में भी तेल-गैस की खोज की गई थी, जहां उत्पादन शुरू हो चुका है। वहीं OGDCL अपने शेल गैस कार्यक्रम का विस्तार करने की योजना पर भी काम कर रहा है। 2026-27 तक इसे एक टेस्ट कुएं से बढ़ाकर 5 से 6 कुओं तक ले जाने की योजना है, जहां प्रति कुआं प्रतिदिन 30 से 40 लाख स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस उत्पादन की उम्मीद जताई जा रही है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

