धनबाद(DHANBAD): पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पांडुचेरी और केरल समेत पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है। इन रुझानों के बाद देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। धनबाद में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। सांसद ढुल्लु महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सांसद ढुल्लु महतो भी इस जश्न में शामिल हुए, जहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की। खास बात यह रही कि इस बार पारंपरिक मिठाइयों की जगह कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मनाया। सांसद ढुल्लु महतो ने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री की नीतियों पर जनता की मुहर है और ममता बनर्जी की नीतियों को जनता ने नकार दिया है।
सांसद ढुल्लु महतो ने दावा किया कि बंगाल में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और इसका असर झारखंड की राजनीति पर भी देखने को मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में झारखंड में भी भाजपा सरकार बनेगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

