पटना एम्स के डॉक्टर हड़ताल पर गए, मारपीट केस में विधायक चेतन आनंद से बवाल बढ़ा…

पटना एम्स के डॉक्टर हड़ताल पर गए, मारपीट केस में विधायक चेतन आनंद से बवाल बढ़ा…

पटना(PATNA):बिहार की राजधानी पटना में एम्स अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर शनिवार को अचानक हड़ताल पर चले गए। अस्पताल स्टाफ ने शिवहर से विधायक चेतन आनंद पर सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करने और रेजिडेंट डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पटना एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने चेतन आनंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, दूसरी ओर विधायक की ओर से फुलवारी थाने में शुक्रवार को एम्स स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। अब यह माहौल गर्माता नजर आ रहा है।

पटना एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने अस्तपाल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को पत्र लिखकर हड़ताल की जानकारी दी। डॉक्टरों ने कहा कि 30 जुलाई को रात लगभग 11 बजे ट्रॉमा सेंटर परिसर में मारपीट की घटना हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवहर विधायक चेतन आनंद, उनकी पत्नी डॉ. आयुषी सिंह और उनके हथियारबंद गार्ड जबरन अस्पताल परिसर में घुस आए। फिर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की और हथियार लहराते हुए ड्यूटी पर मौजूद रेजिडेंट डॉक्टरों को जान से मारने की धमकी दी।

डॉक्टरों का दावा है कि इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद विधायक के खिलाफ अभी तक एफआईआर नहीं दर्ज की गई। उन्होंने एम्स प्रशासन पर स्टाफ की सुरक्षा के लिए कोई भी कदम नहीं उठाने पर भी सवाल उठाए। डॉक्टरों का कहना है कि इस घटना के बाद से उनमें डर का माहौल है और वे लाचार नजर आ रहे हैं।

रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा कि जब तक विधायक चेतन आनंद, उनकी पत्नी एवं गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती और अस्पताल में उचित सुरक्षा व्यवस्था मुहैया नहीं कराई जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उनकी मांगें नहीं जाने पर डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा भी ठप करने की चेतावनी दी है।

दूसरी ओर, बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन एवं शिवहर से जेडीयू सांसद लवली आनंद के विधायक बेटे चेतन ने गुरुवार को पटना के फुलवारी थाने में शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने एम्स स्टाफ पर मारपीट करने और आधे घंटे तक बंधक बनाए रखने का आरोप लगाया।

बताया जा रहा है कि विधायक चेतन आनंद अपनी पत्नी के साथ बुधवार रात को अंकित शर्मा नाम के किसी करीबी व्यक्ति से मिलने आए थे। तभी उनका रेजिडेंट डॉक्टर और गार्ड से विवाद हो गया था। एम्स प्रशासन ने विधायक की पिटाई की बात से इनकार किया है।

NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *