DESK:नेपाल में भारतीय दूतावास आज बुधवार को भारतीय नागरिकों के लिए मासिक ‘ओपन हाउस’ का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के कांसुलर विंग हॉल में होगा। दूतावास ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी है।
इस पहल का उद्देश्य नेपाल में रह रहे भारतीय नागरिकों को पासपोर्ट, वीजा सहित अन्य कांसुलर सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक सीधा और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। दूतावास के अनुसार, ओपन हाउस में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार की पूर्व नियुक्ति की आवश्यकता नहीं होगी।
ओपन हाउस के दौरान पासपोर्ट, वीजा, ओसीआई कार्ड, जन्म और मृत्यु पंजीकरण, आपातकालीन कांसुलर सहायता, दस्तावेज सत्यापन सहित अन्य कांसुलर मामलों से संबंधित शिकायतों और सुझावों पर विचार किया जाएगा। दूतावास अधिकारी नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनेंगे और जहां संभव होगा, उनका तत्काल समाधान किया जाएगा।
दूतावास ने बताया कि यह आयोजन उन भारतीय नागरिकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो कांसुलर प्रक्रियाओं में देरी या व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। नेपाल में शिक्षा, व्यापार और रोजगार के सिलसिले में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं, ऐसे में यह मासिक ओपन हाउस नागरिक-केंद्रित कूटनीति का अहम उदाहरण माना जा रहा है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

