धनबाद सांसद ढुलू महतो ने रेल मंत्री से की मुलाकात – 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा…

धनबाद सांसद ढुलू महतो ने रेल मंत्री से की मुलाकात – 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा…

धनबाद(DHANBAD):धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से शिष्टाचार भेंट कर एक विस्तृत 12 बिंदुओं वाला ज्ञापन सौंपा। उन्होंने झारखंड के खनिज एवं औद्योगिक क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, अधोसंरचना विकास और स्थानीय यात्रियों की जरूरतों के मद्देनज़र कई मांगें उठाईं।

प्रमुख बिंदुवार विषय और मांगे

  • धनबाद–जम्मू तवी स्पेशल ट्रेन (03309/03310) का संचालन निरंतर जारी रखने की मांग। सीमावर्ती राज्यों में काम करने वाले झारखंड के मजदूरों की सुविधा के लिए यह ट्रेन अनिवार्य है।
  • धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन (03379/03380) के संचालन में निरंतरता। यह ट्रेन झारखंड–महाराष्ट्र के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बन चुकी है।
  • गोमो में MEMU शेड की स्थापना की मांग। गोमो जंक्शन की रणनीतिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए MEMU शेड से क्षेत्र में ट्रेनों के परिचालन को बढ़ावा मिलेगा।
  • अगरतला–देवघर एक्सप्रेस को धनबाद तक विस्तारित करने का आग्रह। पूर्वोत्तर भारत से धनबाद जैसे कोयला क्षेत्र को जोड़ना यात्रियों व व्यापारिक दृष्टिकोण से लाभकारी होगा।
  • अरन्यक एक्सप्रेस को बोकारो स्टील सिटी तक विस्तारित करने की मांग। औद्योगिक नगरी बोकारो को कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
  • जगदलपुर–राउरकेला एक्सप्रेस का विस्तार धनबाद तक। इस विस्तार से दक्षिण भारत से झारखंड के कोयला क्षेत्र तक सीधी पहुंच संभव होगी।
  • नागवली सुपरफास्ट एक्सप्रेस को धनबाद तक बढ़ाने की मांग। यात्रियों को विशाखापट्टनम से सीधा लाभ मिलेगा।
  • पाथरडीह रेल खंड का CRS निरीक्षण। इस खंड के परिचालन और सुरक्षा मानकों की शीघ्र जांच का अनुरोध किया गया।
  • बर्धमान–बोकारो MEMU ट्रेन के मार्ग परिवर्तन की मांग। नई रूटिंग से बोकारो, चंद्रपुरा, गोमिया जैसे क्षेत्रों को समय की बचत होगी।
  • बोकारो स्टील सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1 व 2 का विस्तार। वर्तमान में ये प्लेटफॉर्म 18 कोच तक ही सीमित हैं। 24 कोच की ट्रेनों के लिए 600 मीटर तक विस्तारित करने की मांग की गई है, जिससे यात्रियों की सुविधा में बड़ा सुधार हो सकेगा।
  • स्वर्णरेखा एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर बोकारो होते हुए चलाने का अनुरोध। इससे बोकारो, चंद्रपुरा, गोमिया, नेमरा और रैलीहाट जैसे क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधे रांची–टाटा संपर्क मिलेगा।
  • झारखंड के लिए पृथक रेलवे ज़ोन की पुनः मांग। लंबे समय से उपेक्षित इस मांग को फिर से प्रमुखता से उठाया गया। झारखंड के खनिज संसाधन, औद्योगिक ताकत और प्रशासनिक जटिलताओं को देखते हुए राज्य को एक अलग रेलवे ज़ोन की आवश्यकता है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि “झारखंड जैसे संसाधन संपन्न राज्य को रेलवे द्वारा दी जा रही सुविधाएं अभी भी अपेक्षाकृत कम हैं। इन प्रस्तावों के माध्यम से हमने यह मांग की है कि जनता की ज़रूरतों, औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए तत्काल निर्णय लिए जाएं। उन्होंने रेल मंत्री से इन सभी विषयों पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया और आशा व्यक्त की कि धनबाद-बोकारो क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल आवश्यकताएं जल्द ही पूरी होंगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *