धनबाद में फूड सेफ्टी ऑन व्हील का अभियान, स्ट्रीट फूड की जांच शुरू…

धनबाद में फूड सेफ्टी ऑन व्हील का अभियान, स्ट्रीट फूड की जांच शुरू…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद में खाद्य सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर रविवार से दो दिवसीय विशेष जांच अभियान की शुरुआत की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार के नेतृत्व में “फूड सेफ्टी ऑन व्हील” के जरिए जिलेभर में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, मिठाई दुकानों, होटल और रेस्टोरेंट के खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। मौके पर ही सैंपल की जांच कर गड़बड़ी मिलने पर खाद्य पदार्थ नष्ट करवाए गए और संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई।

धनबाद के सरायढेला मार्केट से शुरू हुए इस अभियान में फूड सेफ्टी ऑन व्हील की टीम ने कई स्ट्रीट फूड दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। रांची से आई मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में मौजूद फूड एनालिस्ट द्वारा मौके पर ही जांच की गई। जांच के दौरान कई खाद्य पदार्थों में खामियां मिलने पर उन्हें तुरंत फिंकवा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में झारखंड में स्ट्रीट फूड खाने से कई लोगों और बच्चों के बीमार पड़ने की घटनाओं को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन दोबारा गड़बड़ी मिलने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं होटल और रेस्टोरेंट में जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर ऑन द स्पॉट कार्रवाई की जाएगी।

इधर मौके पर मौजूद ग्राहकों और दुकानदारों ने भी इस अभियान का स्वागत किया। लोगों ने कहा कि जांच सिर्फ छोटे स्ट्रीट फूड विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बड़े होटल और रेस्टोरेंट में भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाना चाहिए।

फिलहाल जिला प्रशासन का यह अभियान अगले दो दिनों तक जारी रहेगा और जिलेभर के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *