CCTV जांच के दौरान घेरा, थाना तक पीछा; CISF की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी घटना
धनबाद/बाघमारा:धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में कोयला माफियाओं का आतंक एक बार फिर सामने आया है। अवैध कोयला कारोबारियों ने Bharat Coking Coal Limited (BCCL) के दो महाप्रबंधकों पर हमला कर उनके अपहरण की कोशिश की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जीएम सिक्योरिटी Hafizul Qureshi और ब्लॉक-2 के जीएम Rajeev Ranjan क्षतिग्रस्त CCTV कैमरों की जांच के लिए परियोजना क्षेत्र पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
अपहरण की कोशिश, किसी तरह बची जान:-हमलावरों ने दोनों अधिकारियों को वाहन से उतारकर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। अधिकारी किसी तरह मौके से भागकर बाघमारा थाना की ओर बढ़े, लेकिन आरोपित उनका पीछा करते रहे।
थाना से कुछ दूरी पहले ही हमलावरों ने वाहन रोककर चालक के साथ मारपीट की और गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद अधिकारियों को दूसरे वाहन में बैठाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों जीएम किसी तरह भागकर थाना परिसर में पहुंच गए और अपनी जान बचाई।
CISF पहुंची मौके पर, स्थिति नियंत्रित:-घटना की सूचना मिलते ही Central Industrial Security Force (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
इलाके में दहशत, जांच जारी:-घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। जीएम सिक्योरिटी ने बताया कि अज्ञात लोगों ने कॉलर पकड़कर जबरन ले जाने की कोशिश की। मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
यह घटना क्षेत्र में सक्रिय कोयला माफियाओं के बढ़ते हौसले को दर्शाती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से राणा प्रताप की रिपोर्ट

