धनबाद(DHANBAD): धनबाद के स्टील गेट शिव मंदिर परिसर में चड़क पूजा के दौरान आस्था, विश्वास और रोमांच का अनोखा संगम देखने को मिला।
भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट करते हुए शिवभक्तों ने शरीर में कील चुभोकर पूजा-अर्चना की। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा और यह दृश्य देखकर लोग दंग रह गए।
सरायढेला सुगियाडीह के सूरज कुमार ने अपने शरीर में 16 कील लगाकर पूजा की। उन्होंने बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से भगवान शिव की भक्ति में यह पूजा करते आ रहे हैं।
चड़क पूजा समिति और कोला कोसुमा ग्राम पंचायत के तत्वावधान में आयोजित इस पूजा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में लगे मेले, छाऊ नृत्य और खोरठा ऑर्केस्ट्रा ने माहौल को उत्सव में बदल दिया।
समिति के सचिव उमेश महतो ने बताया कि पहले यह आयोजन छोटे स्तर पर होता था, लेकिन अब इसे भव्य रूप दिया गया है। इस वर्ष कुल 117 श्रद्धालुओं ने चड़क पूजा में हिस्सा लिया।
भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह आयोजन देर रात तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

