धनबाद(DHANBAD): जिले के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को धनबाद-बोकारो-रांची मुख्य मार्ग का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब दो फीट तक सड़क धंसने और आसपास के घरों में दरारें आने से स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश और दहशत है। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले पांच महीनों से क्षेत्र में जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था, लेकिन प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसके परिणामस्वरूप आज सड़क के साथ-साथ बस्तियों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग में बदलाव कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुटकी-बलिहारी क्षेत्र के जीएम जीसी शाहा ने प्रभावित परिवारों से सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाने की अपील की है। प्रबंधन की योजना जरेडा के तहत लोगों को बेलगड़िया में शिफ्ट करने की है, लेकिन स्थानीय निवासियों ने इसका कड़ा विरोध किया है। ग्रामीणों ने जीएम की गाड़ी का घेराव करते हुए स्पष्ट किया कि वे बेलगड़िया नहीं जाएंगे, क्योंकि वहां रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। विस्थापितों ने मांग की है कि उन्हें कार्मिक नगर जैसी सर्वसुविधायुक्त जगह पर बसाया जाए और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। वर्तमान में भूमिगत आग और गैस रिसाव के कारण केंदुआडीह क्षेत्र अत्यंत खतरनाक स्थिति में है, जिससे प्रशासन और बीसीसीएल के सामने सुरक्षित पुनर्वास की एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

