धनबाद(DHANBAD):भाजपा नेत्री सह जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन पर जानलेवा हमले का प्रयास हुआ है। गुरुवार की रात धनबाद के सरायढेला स्थित एक बड़े होटल में रुकी सीता सोरेन के कमरे में उनका पूर्व पीए देवाशीष घोष हथियार लेकर घुस गया था। समय रहते सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी मिल गई, जिससे बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार सीता सोरेन के निजी सुरक्षा गार्डों ने पूर्व पीए को धर दबोचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व पीए को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे धनबाद कोर्ट में पेश किया गया। वहां से देवाशीष को न्याययिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बता दें कि सीता सोरेन हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं। वह राज्य के सीएम हेमंत सोरेन की भाभी है। वह जामा से झामुमो की विधायक भी रह चुकी हैं। भाजपा ने उन्हें लोकसभा और विधानसभा में टिकट दिया था। लेकिन वह दोनों चुनाव हार गईं।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट