धनबाद(DHANBAD): झारखंड के धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र स्थित माथाबांध में शनिवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में पियोर बरोरा निवासी कोयला कारोबारी रवींद्र चौहान घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रवींद्र चौहान के पैर में गोली लगी, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बाघमारा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। बरोरा थाना के साथ-साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। इंस्पेक्टर रुस्तम अंसारी के नेतृत्व में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनीश चौहान और विशाल चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घायल ने बताया कि बाइक सवार 8-10 हमलावरों ने उन्हें घेरकर फायरिंग की। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। मौके से पुलिस ने जिंदा कारतूस और खोखे भी बरामद किए हैं।
प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

