रांची(RANCHI ): मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई जा रही है। इससे दुर्गा पूजा के दौरान बारिश की स्थिति बन सकती है। इससे त्योहारी मौसम में बारिश खलल डाल सकती है।
हालांकि, मौजूदा स्थिति के अनुसार यह निम्न दबाव क्षेत्र पुरी और भुवनेश्वर की दिशा में बढ़ सकता है, जिससे झारखंड में भी बारिश की आशंका है। इस दौरान राज्य के कई इलाकों में 26 से 29 सितंबर के बीच रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
रांची और आसपास में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, निम्न दबाव का क्षेत्र 25 सितंबर तक पूरी तरह से विकसित हो सकता है। हालांकि, इसका असर आने वाले एक-दो दिनों में ही पूरी तरह स्पष्ट होगा। 25 सितंबर तक झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
साथ ही वज्रपात की संभावना भी जताई जा रही है। राजधानी रांची में बादल रहेंगे और यहां भी हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल, मौसम विभाग द्वारा कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन उमस और गर्मी का सामना भी हो सकता है।
तापमान में गिरावट आने की संभावना
मौसम विभाग का मानना है कि 22 सितंबर के बाद झारखंड में तापमान में गिरावट आ सकती है। अनुमान के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान में कमी हो सकती है। इस बदलाव से गर्मी और उमस की स्थिति थोड़ी बेहतर हो सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। इस समय के दौरान बारिश न होने के बावजूद, बादल बने रहने से मौसम में ठंडक बनी रहेगी।
राज्य में अब तक 1128.1 मिमी बारिश
झारखंड में मानसून की अवधि सामान्यतः: 1 जून से 30 सितंबर तक होती है। इस साल अब तक 19 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। 1 जून से 19 सितंबर तक राज्य में 1128.1 मिमी बारिश हुई है। जबकि सामान्य वर्षापात 950.9 मिमी था। हालांकि, 1 सितंबर से 19 सितंबर के बीच 117.2 मिमी बारिश हुई।
यह सामान्य से 23 प्रतिशत कम है। रांची में मानसून के दौरान अब तक 1423 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 47 प्रतिशत अधिक है। कुछ क्षेत्रों में बारिश कम हुई है, जैसे देवघर, गढ़वा और गोड्डा में, जहां 2-26 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

