दुर्गापुर(DURGAPUR): दुर्गापुर के 35 नंबर वार्ड के गोपालमाठ बस स्टैंड और गोपालमाठ बाजार इलाके में स्थित दुर्गापुर नगर निगम के कम्युनिटी शौचालय का ताला तोड़कर उसे आम लोगों के लिए खोल दिया बीजेपी ने। रविवार सुबह बीजेपी कार्यकर्ता वहां पहुंचे और शौचालय का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए, और बाद में झाड़ू लेकर साफ-सफाई के काम में भी जुट गए।
बीजेपी का आरोप है कि सरकारी पैसे से बना वह कम्युनिटी शौचालय लंबे समय से ताले में बंद पड़ा था। आम लोगों के इस्तेमाल के लिए बनने के बावजूद स्थानीय निवासी उसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। पार्टी का दावा है कि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व के नियंत्रण में होने के कारण शौचालय आम लोगों की पहुंच से बाहर था। रविवार को बीजेपी के जिला युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सुमन गोप ने हथौड़े से ताला तोड़कर शौचालय का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ साफ-सफाई के काम में जुट गए।
बीजेपी का यह भी आरोप है कि शौचालय के साथ-साथ बगल का एक बच्चों का पार्क भी लंबे समय से आम लोगों के इस्तेमाल से बाहर था। आज उसे भी बच्चों के लिए खोल दिया गया।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

