तोपचांची झील में दर्दनाक हादसा, दोस्त को बचाने कूदा युवक भी डूबा — दोनों की मौत…

तोपचांची झील में दर्दनाक हादसा, दोस्त को बचाने कूदा युवक भी डूबा — दोनों की मौत…

धनबाद(DHANBAD): तोपचांची झील में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान झरिया कोयरी बांध निवासी कोयला व्यवसायी संदीप झुनझुनवाला के 22 वर्षीय पुत्र अमन झुनझुनवाला तथा गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गांव बस्ती निवासी 22 वर्षीय अरमान आलम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अमन अपने दोस्तों रुद्र कुमार साव और प्रियांशु कुमार के साथ दोपहर में घूमने झील पहुंचा था। लीची बागान में भोजन करने के बाद वह नहाने के लिए झील में उतरा, लेकिन नहाने के दौरान अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

उसी समय वहां अपने दोस्तों अफजल और निर्भय के साथ मौजूद अरमान आलम ने मानवता और साहस की मिसाल पेश करते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए झील में छलांग लगा दी। अरमान ने डूबते अमन को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों ही पानी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खोज अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव झील से बाहर निकाले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

अरमान के परिजन उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जबकि अमन को असर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *