राँची(RANCHI): झारखंड में हाल ही में 36 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग की अधिसूचना जारी होने के बाद अब सरकार को उसमें ‘टाइपिंग एरर’ सुधारना पड़ा है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने नई संशोधित अधिसूचना जारी करते हुए दो IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर दिया है। साथ ही कुछ अफसरों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
नीरज कुमार सिंह की जगह संदीप सिंह बने उत्पाद आयुक्त
संशोधित आदेश के अनुसार, 2015 बैच के IAS नीरज कुमार सिंह को उत्पाद आयुक्त की जिम्मेदारी देने के बजाय अब अपर सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग बनाया गया है। साथ ही उन्हें झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, श्रमायुक्त संदीप सिंह को अब उत्पाद आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
जाधव विजया की पोस्टिंग भी बदली
2015 बैच की IAS जाधव विजया नारायण राव को पहले महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया था, लेकिन नई अधिसूचना में इसे बदलते हुये अब उन्हें योजना एवं विकास विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
समीरा एस को अतिरिक्त जिम्मेदारी
2018 बैच की IAS समीरा एस, जो फिलहाल स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में संयुक्त सचिव हैं, उन्हें मध्याह्न भोजन प्राधिकार की अतिरिक्त निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आदित्य कुमार आनंद को नई जिम्मेदारी
नई सूची में 2013 बैच के IAS आदित्य कुमार आनंद का नाम भी जोड़ा गया है। उन्हें श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। साथ ही नियोजन एवं प्रशिक्षण, झारखंड के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे पहले वे पशुपालन निदेशक के पद पर कार्यरत थे।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

